परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मिलते सांसद मुकेश राजपूत व विधायक सुशील शाक्य।
- फोटो : परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मिलते सांसद मुकेश राजपूत व विधायक सुशील शाक्य।
फर्रुखाबाद। हरिद्वार की तर्ज पर पांचालघाट बनाने के लिए सांसद ने गंगा में या तट पर भगवान भोलेनाथ की 50 फीट ऊंची मूर्ति लगाने की पर्यटन मंत्री से सिफारिश की। इसके साथ ही 85 मीटर घाट बढ़ाने का भी प्रस्ताव दिया।
भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने मंगलवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से उनके लखनऊ स्थित आवास पर जाकर मुलाकात की। उन्हाेंने कहा कि पांचालघाट गंगा तट से लाखों भक्तों की आस्था जुड़ी है। यहां एक माह का कल्पवास करने श्रद्धालु बड़ी तादाद में पहुंचते हैं। इससे हरिद्वार का नजारा दिखता है। पांचालघाट का सुंदरीकरण चल रहा है। उन्होंने पर्यटन मंत्री को प्रस्ताव सौंपते हुए कहा कि 85 मीटर घाट की लंबाई और बढ़ाने की जरूरत है। इसके साथ ही गंगाजी की धार में या गंगा तट पर भगवान शंकर की 40-50 फीट ऊंची मूर्ति लग जाए तो हरि की पौढ़ी का नजारा भक्तों को दिखेगा।
इसके अलावा सांसद ने पर्यटन मंत्री से हथियापुर तिराहे या जसमई दरवाजा तिराहे पर आवंती बाई की मूर्ति लगवाने की मांग की। सांसद ने बताया कि उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर से मुलाकात कर रोडवेज बस अड्डे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति लगवाने के लिए शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की है। सांसद के साथ अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य रहे।