रेडीमेड ड्रेस बांटने जा रहे शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष सहित तीन लोगों को पुलिस ने चौपहिया वाहन सहित थाने में बैठा लिया । सूचना पर पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने ड्रेस को कब्जे में लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी है । रेडीमेड ड्रेसों को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने चौपहिया वाहन तथा तीनों युवकों को छोड़ दिया ।
गुरुवार को शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष ऋषि पाल यादव ब्लाक समन्वयक केंद्र पर शिक्षामित्रों की बैठक ले रहे थे । इनकी ओमिनी वैन परिसर में ही खड़ी थी । इसमें रेडीमेड स्कूल ड्रेस रखी थीं। इसकी सूचना किसी ने जिले के आला अधिकारियों को दे दी । यहां से थाना पुलिस को सूचना दी गई ।
इस मुखबिरी की सूचना पर ऋषि पाल कार से जहानगंज रोड पर निकल लिए। कसबा इंचार्ज वाईपी सिंह ने पीछा कर ड्रेस भरी वैन को पकड़ कर थाने ले आए। पुलिस ने गाड़ी में मौजूद नगला खेरी फतेहगढ़ निवासी शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष ऋषि पाल यादव ,चांदपुर निवासी शिक्षामित्र विकास कुमार तथा चालक रवि चौहान को हिरासत में ले लिया ।
इस दौरान जिला अध्यक्ष की पैरवी में शिक्षामित्र थाना में इकट्टा एक होकर हंगामा करने लगे । थाना में शिक्षामित्रों और पुलिस में नोकझोक भी हुई । सूचना पर पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार ने गाड़ी ये 40 स्कर्ट,104 शर्ट,61 पैंट शर्ट तथा 18 नीली शर्ट कब्जे में ले कर खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में रखवा दीं ।
खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि मामले की विभागीय जांच की जा रही है । उधर थानाध्यक्ष यतेन्द्र यादव ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर तीन युवकों तथा वैन को कब्जे में लिया गया था । इन्हें छोड़ दिया गया है। खंड शिक्षाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है । रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।