फर्रुखाबाद। दशहरा पर फर्रुखाबाद के क्रिश्चियन कालेज ग्राउंड पर 22 अक्तूबर को 70 और परेड ग्राउंड फतेहगढ़ में 23 अक्तूबर को 41 फीट के रावण का पुतला दहन होगा।
श्री रामलीला मंडल फर्रुखाबाद कमेटी (सरस्वती भवन) की ओर से गुरुवार को क्रिश्चियन इंटर कालेज में 70 फीट रावण, 60 फीट कुंभकरण और 50 फीट का मेघनाथ का पुतला फूंका जाएगा। डा. अनुपम दुबे के हाते में पुतले बनाए जा रहे हैं। मटरलाल दुबे ने बताया कि बाहर से आए कारीगर पुतले बना रहे हैं।
बुधवार रात तक पुतलों में आतिशबाजी लगा दी जाएगी। गुरुवार को क्रिश्चियन कालेज के मैदान पर रावण दहन होगा। पुतलों को बनाने में करीब 80-85 हजार रुपये का खर्च आया है। पुतलों में करीब 60 हजार से ज्यादा रुपये की आतिशबाजी लगने की उम्मीद है। इसके अलावा कालेज ग्राउंड पर सोने की लंका आदि में करीब 30 हजार की आतिशबाजी लग जाएगी। आतिशबाजी में चरखी, गोला और राकेट आदि शामिल है।
श्री रामलीला परिषद फतेहगढ़ की ओर से परेड ग्राउंड पर 23 अक्तूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इस बार रावण 41 फीट और 31-31 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले फूंके जाएंगे। फर्रुखाबाद और कन्नौज के कारीगर परेड ग्राउंड में पुतलों को बनाने में लगे हैं।
अध्यक्ष रवीश द्विवेदी ने बताया कि पुतलों में करीब 60 हजार रुपये की आतिशबाजी लगेगी। तीनों पुतलों में करीब 900 गोले लगेंगे। पुतलों को बनाने का ठेका कन्नौज और फर्रुखाबाद के कारीगरों को दिया गया है। पुतलों को बनाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। इस बार भगवान श्रीराम मायावी रावण से 10 अलग-अलग रूप से युद्ध करेंगे।