कमालगंज फीडर की आउटगोइंग ट्राली में चूहा घुसने से तार आपस में टकरा गए। इससे आग लग गई। जिससे 33 हजार लाइन के तार तीन जगह से टूट गए और उपकेंद्र से चलने वाले सभी फीडर बंद हो गए। इससे कस्बे समेत लगभग तीन सौ गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
कमालगंज विद्युत उपकेंद्र में गुरुवार सुबह कमालगंज फीडर की आउटगोइंग मशीन की ट्राली में चूहा घुस गया। इससे ट्राली के तार आपस में टकराने लगे और जोरदार धमाके के साथ ट्राली फुंक गई। इससे 33 हजार लाइन के तार तीन जगह से टूट गए। ट्राली से आग की लपटें निकलने से उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी अवर अभियंता विजय कुमार यादव को दी गई। अवर अभियंता ने उपकेेंद्र पर पहुंच कर ट्राली की मरम्मत कराने का काम शुरू किया।
शाम तक ट्राली की मरम्मत न होने के कारण सभी फीडर शाम तक बंद रहे। इससे कस्बा और तीन सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। अवर अभियंता विजय कुमार यादव ने बताया कि ट्राली की मरम्मत कराई जा रही है। ठीक होते ही आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।