फर्रुखाबाद। सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने किशोरी को ले जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। उसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं की। पीड़िता के भाई ने एसपी से जांच कराकर कार्रवाई करने गुहार लगाई है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के युवक ने शुक्रवार को एसपी अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 28 अप्रैल को 15 वर्षीय बहन बाग में कच्चे आम बीनने गई थी। तभी गांव के छह युवकों ने उसे पकड़ लिया और दुष्कर्म किया। दो मई को यह लोग बहन को गांव के बाहर मरणासन्न अवस्था में छोड़कर चले गए। तहरीर देने पर पुलिस ने आरोपियों पर केवल बहन को ले जाने का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने अब तक बहन का मेडिकल नहीं कराया और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की है। आरोपी समझौता करने का दबाव बनाकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी ने जहानगंज एसओ को पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।