फर्रुखाबाद। शौच के लिए गई किशोरी से तीन युवकों ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। किशोरी की हालत बिगड़ गई। वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने थाने में तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर एसपी को डाक शिकायती पत्र भेजा है।
कंपिल थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण की 15 साल की बेटी शनिवार सुबह शौच के लिए खेत की ओर गई थी। तभी गांव के तीन युवकों ने किशोरी को पकड़ लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी पर किशोरी का पिता उसे लेकर थाने पहुंचा और तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने प्रार्थना पत्र ले लिया। 24 घंटे बीतने पर भी कार्रवाई न होने पर रविवार को किशोरी का पिता एसपी अशोक कुमार मीणा से मिलने पहुंचा। उनके न मिलने पर उसने डाक से एसपी को रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाते हुए प्रार्थना पत्र भेजा है।
इसकी जानकारी लगते ही पुलिस सक्रिय हो गई। किशोरी और उसके पिता को थाने लाकर पूछताछ की गई। एसओ जेपी यादव ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक फरार है। मामले की पूरी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।