छात्रा से छेड़खानी करने वाले शोहदे को मोहल्ले के लोगों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा। गुस्साई भीड़ ने इसके बाद युवक के सिर पर चौराहा भी बना दिया। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने शोहदे को सौंप दिया। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी छात्रा शुक्रवार को स्कूल से पुराना कोठा पर्चा से होकर घर लौट रही थी। इस बीच वहां मौजूद शोहदे ने उसका हाथ पकड़ लिया और अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग शोहदे को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े।
मोहल्ले के लोगों को आता देख कर युवक भाग खड़ा हुआ। भीड़ ने पीछा करके शोहदे को पकड़ने के बाद उसे दौड़ा-दौड़ कर पीटा। इसके बाद लोग युवक को पुराना कोठा पर्चा ले आए।
यहां मोहल्ले के लोगों के साथ छात्रा के परिजनों ने शोहदे को दोबारा लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान कुछ लोगों ने शोहदे के बाल काटकर सिर पर चौराहा बना दिया। बवाल होने की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर दरोगा श्रीकृष्ण गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस ने शोहदे को हिरासत में लेकर लोहिया अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। इसके बाद छात्रा के परिजनों ने शोहदे के खिलाफ पुलिस को तहरीह दी। बजरिया निवासी शोहदे ने अपना नाम श्याम कोरी बताया।