फर्रुखाबाद/अमृतपुर। पांचालघाट स्थित मेला रामनगरिया में शुक्रवार को धूप खिलने से रौनक बढ़ गई।
श्रद्धालुओ ने गंगा स्नान करने के बाद दान-पुण्य किया। वहीं कल्पवासी धूप का आनंद लेते हुए भजन-कीर्तन में मस्त दिखे। मनोरंजन क्षेत्र में झूले लगने लगे, मेला बाजार सजने लगा।
मेला श्रीरामनगरिया का 13 जनवरी को शुभारंभ होने के बाद मौसम बिगड़ने से भीषण सर्दी में रौनक नहीं दिखी। शुक्रवार को मौसम साफ होने के साथ ही मेले में भीड़ दिखाई दी। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने तट पर सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी और कन्या भोज कर दक्षिणा दी।
कल्पवासी पंडालों में भागवत कथा सुनते रहे। आदर्श क्षेत्र में स्वामी सत्यस्वरूप ब्रह्मचारी ने राम नाम की महिमा की कथा सुनाई तो श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।
संस्कृतिक पंडाल में श्रीमद्भगवत कथा शुरू
सांस्कृतिक पांडाल में आचार्य तिलकेंद्र शेखर त्रिपाठी ने श्रीमद्भागवत कथा सुनाई। उन्होंने लोगों को धूम्रपान न करने के लिए प्रेरित किया। कहा हर मनुष्य के शरीर में भगवान का वास होता है। इसलिए मनुष्य को शाकाहारी रहकर सत्कर्म करना चाहिए। इस इस दौरान परीक्षित दिनेश सिंह आचार्य, हृदेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
-
अव्यवस्थाओं से परेशान संतों ने कार्यालय घेरा
मेला शुरू होने के 5 दिन बाद भी पानी, बिजली, शौचालय की समस्या से कल्पवासी व संत परेशान हैं। सुनवाई न होने से संतों का धैर्य टूटने लगा है। जूना अखाड़ा संत समिति मेला रामनगरिया के अध्यक्ष सत्य गिरी महाराज ने करीब 50 से अधिक संतों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर संतों के क्षेत्र में पहुंच कर सुविधाएं देखीं। इस पर यादव क्षेत्र, पाल क्षेत्र, कुशवाह क्षेत्र, बांके बिहारी, सीढ़ी नम्बर 4, गली नम्बर 5, गंगा क्षेत्र का भ्रमण किया। कहीं संतो की राउटी में बिजली नहीं लगी, तो किसी क्षेत्र में पानी व शौचालय की समस्या मिली। इससे गुस्साए संतों ने बिजली कैंप कार्यायल का घेराव कर लिया। ठेकेदार को एक दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कहा कि सभी के क्षेत्र में बिजली चालू नहीं हुई तो मेला क्षेत्र छोड़कर चले जाएं। हैंडपंप ठेकेदार के पास पहुंचे लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। मेला कार्यालय में व्यवस्थापक भी नहीं मिले। जूना अखाड़ा के अध्यक्ष ने कहा कि कल्पवासी की पर्ची काटने के बाद भी बिजली चालू नहीं की गई है। इस दौरान प्रेमदास, बिपिनपुरी, कन्हैयादास, ब्रम्हचारी धर्म चैतन्य, छोटे मईया,रोहिता नंद आदि संत मौजूद थे।
मेले में चोरों का का आतंक
मेला की थाने वाली गली में गंगा क्षेत्र व गंगा दास का आश्रम लगा हुआ है। रात में चोर कमालुद्दीनपुर की मायदास उमरापुर थाना पाली हरदोई की सरला देवी की राउटी में घुस गया। जगाने पर चोर भागने लगा। संतों ने चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गंगादास के क्षेत्र में कांशीराम कालोनी निवासी विजय माला कल्पवास कर रही हैं।चोर तीन मोबाइल चुरा ले गए। इसकी जानकारी पर जूना अखाड़ा के अध्यक्ष सत्य गिरी ने मेला प्रभारी संजय राय को सूचना दी। संतों ने कहा कि पुलिस गश्त न होने से चोर अंधेरे का फायदा उठा रहे हैं। थाना प्रभारी ने लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जलस्तर बढ़ने से घाटों पर पहुंचा पानी
गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों तक पानी पहुंच गया। इससे मुकेश, मुन्नीलाल, राजेश, गुड्डू, राजू के घाटों को जाने वाले रास्ते में पानी भरने से लोगाें को परेशानी होने लगी है। पैंटून पुल के पास कटान होने से एप्रोच का एक हिस्सा तिरछा हो गया है। जिसमें कर्मचारी बालू भर कर लगा रहे हैं।
अव्यवस्थाओं से संतों में नाराजगी
शमसाबाद। ढाईघाट गंगा तट पर बसी रामनगरिया में अव्यवस्थाओं को लेकर साधु-संतों व कल्पवासियों में नाराजगी है। मेले में न तो बिजली व्यवस्था है और न ही बेरीकेडिंग की गई है। इससे स्नानार्थियों को खतरा बना हुआ है। लोगों ने गहरे पानी में बेरीकेडिंग लगाने की मांग की। साधु नरेश मुनि, बाबा तगड़े दास, बाबा अशोकानंद आदि साधुओं ने बताया मेला ढाई घाट पर दूर-दूर से संत व कल्पवासी आते हैं। हर साल की तरह इस साल भी व्यवस्था सही नहीं की गई है।