कंपिल। श्रीरामलीला महोत्सव में बुधवार रात राम वनवास और केवट संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। लीला के दौरान रामलीला मैदान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मंचन में पिता राजा दशरथ की आज्ञा का पालन करते हुए भगवान श्रीराम के माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ वन जाने का प्रसंग दिखाया गया। इसके बाद गंगा पार कराने के लिए श्रीराम और केवट के बीच हुए संवाद का मंचन हुआ। केवट की भक्ति, श्रद्धा और समर्पण का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। कलाकारों ने प्रसंगों के माध्यम से मर्यादा, कर्तव्य और भक्ति का संदेश दिया।
रामलीला देखने के लिए नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान रामलीला कमेटी के अध्यक्ष नीरज कुमार पांडेय, महामंत्री आयेंद्र सिंह, संयुक्त मंत्री महेंद्र प्रजापति सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।