प्रशासन की अनुमति मिली तो होगी रामलीला
फर्रुखाबाद। यदि प्रशासन ने अनुमति दी तो सोशल डिस्टेंस के साथ आदर्श रामलीला मंडल रामलीला का मंचन करने को तैयार है। तय हुआ कि इस दफा सार्वजनिक सहयोग राशि नहीं ली जाएगी। कमेटी के पदाधिकारी और सक्रिय सदस्यगण ही अपने स्तर से मंचन की व्यवस्था करेंगे।
भारतीय पाठशाला के मानस मंच पर अरुण प्रकाश तिवारी उर्फ ददुआ की अध्यक्षता में रविवार को बैठक हुई। इसमें सभी ने पूर्व कमेटी पर ही विश्वास व्यक्त किया। मंत्री दीपक मिश्रा, संरक्षक राजेश मिश्रा, संयोजक सूर्यप्रकाश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष रामनिवास गुप्ता उर्फ नारद की खास मौजूदगी रही।
वक्ताओं ने कहा कि कोरोना के चलते मानस मंच पर रामलीला का मंचन नहीं होगा। यदि जिला प्रशासन अनुमति दे, तो कमेटी सामाजिक दूरी बनाकर मंचन को तैयार है। कहा कि सार्वजनिक सहयोग राशि एकत्रित नहीं की जाएगी। विशिष्ट सहयोगी, कमेटी और सदस्य के सहयोग से कार्यक्रम होगा। मंचन करने वाले संतोष दीक्षित एवं जीवनलाल शुक्ल के कलात्मक योगदान को याद किया गया।
श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। इस मौके पर मनोज मिश्रा, अनूप गुप्ता, कौशल किशोर दूबे, अखिलेश बाजपेई उर्फ गुड्डन, श्रवण जालान, अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, अखिलेश पांडेय, नरेंद्र नाथ मिश्र, अरविंद दीक्षित, कमल किशोर मिश्र, अनुज दीक्षित आदि थे।