अलादपुर भटौली में रामगंगा का निरीक्षण करते जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान, एसपी राजेश कृष्ण।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। डीएम कर्ण सिंह चौहान और एसपी राजेश कृष्ण ने रविवार को अलादपुर भटौली गांव में रामगंगा का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को बाढ़ से निपटने के इंतजाम करने को कहा। उन्होंने तहसीलदार शेख आलम गीर से जूनियर हाईस्कूल व प्राइमरी स्कूल की सफाई करवाने को कहा। इसके साथ ही रामगंगा किनारे रह रहे ग्रामीणों को ऊंचे स्थान पर जाने को कहा।
तहसील अमृतपुर क्षेत्र के गांव अलादपुर भटौली में बाढ़ को लेकर अमर उजाला ने मौत के मुहाने पर अलादपुर भटौली शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अलादपुर भटौली गांव पहुंचे और उन्होंने रामगंगा का जायजा लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि अगर रामगंगा की धारा मोड़ दी जाए तो बाढ़ से निजात मिल सकती है। डीएम ने ग्रामीणों को बताया कि रामगंगा की धारा मोड़े जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। दोबारा फिर रिमाइंडर भिजवाया जाएगा।
डीएम ने रामगंगा किनारे रहने वाले महावीर, मोरपाल, बलवीर, नन्हें आदि ग्रामीणों से कहा कि वह लोग अपने-अपने आवास खाली कर ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। डीएम ने तहसीलदार से कहा कि बाढ़ पर नजर रखें।
जूनियर हाईस्कूल व प्राइमरी स्कूल की सफाई करवाने को कहा। जिससे बाढ़ आने पर ग्रामीणों को वहां रखा जा सके। डीएम ने प्रधान के देवर सोनपाल से दोनों विद्यालयों की चाबी मंगवाई लेकिन उन्हें चाबी नहीं मिली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ताले खुलवाकर सफाई करवाएं। कोई भी आवश्यकता पड़े तो उन्हें सूचना दें। थानाध्यक्ष ललित कुमार मिश्र से डीएम ने कहा कि स्कूल के पास लगे कूड़े के ढेरों को हटवाकर सफाई कराएं। अगर कोई आनाकानी करे तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।