फर्रुखाबाद। भागीरथी के तट पर लगने वाले माघ मेला श्री रामनगरिया के लिए बुधवार को टेंडर खोले गए। टेंट व्यवस्था के लिए कोई टेंडर न पड़ने से इसका ठेका नीलाम नहीं हो सका।
श्री रामनगरिया के लिए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर बुधवार को खोले गए टेंडर में मनोरंजन के साधनों की नीलामी के लिए नौ लोगों ने भाग लिया। मेरठ निवासी रूपकिशोर ने 10 लाख पांच हजार की बोली लगाई। बाकी बोलीदाताओं ने कोई बोली नहीं लगाई। बाद में राजस्थान के झुनझुनू निवासी पूर्व ठेकेदार महबूब अली ने मनोरंजन क्षेत्र का ठेका 35 लाख पांच हजार रुपये में लेने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
महबूब अली ने ठेक ा के लिए 4 लाख रुपये जमा करवाया। मेले में ध्वनि व्यवस्था के लिए तीन टेंडर डाले गए। यह ठेका बालाजी साउंड सर्विस को 78 हजार आठ सौ रुपये में आवंटित किया गया। मेले में असामाजिक तत्वों की निगरानी के लिए सीसी टीवी कैमरा लगाने के लिए 6 टेंडर डाले गए। 74 हजार पांच सौ रुपये में यह ठेका आरपी टेक्नालाजी गुरसहायगंज को दिया गया। मेले में सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठाने के लिए ट्रैक्टर ट्रालियाें के लिए तीन टेंडर डाले गए।
जनपद हरदोई के गांव कमालपुर निवासी वटेश्वर सिंह को प्रति ट्राली 1100 रुपये प्रति दिन के हिसाब से ठेका आवंटित किया गया। मेला सचिव संदीप दीक्षित ने बताया कि मेले में टेंट व्यवस्था के लिए अभी तक कोई टेंडर नहीं आया है।