कलाई पर राखी बंधते ही बहन की ओर देखकर मासूम भाई मुस्कराने लगा। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। भाई-बहन के स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों की कलाई में प्यार का धागा बांधा। भाइयों ने भी बहनों को रक्षा का वचन दिया। साथ ही उपहार भी भेंट किए। पूरे शहर में रक्षाबंधन उल्लास के साथ मनाया गया। रोडवेज बसों में हर साल की तरह रौनक नहीं दिखी। मिठाई और राखी की दुकानों पर बिक्री तो हुई, मगर हर साल की तरह खरीदार नहीं दिखे।
घरों में सोमवार को सुबह से ही रक्षाबंधन की तैयारियां थीं। कोरोना के चलते इस बार घरों में एहितयात के साथ रक्षाबंधन मनाया। बहनों ने भाइयों को टीका करने के बाद राखी बांधी। अपने साधनों से लोग आते-जाते दिखे। बस स्टैंड व अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साधनों पर कम भीड़ रही। पुलिस ने भी भीड़ को काबू करने के लिए सुरक्षा के खासे बंदोबस्त किए थे।
रक्षाबंधन पर लोगों में कोरोना का भय दिखाई दिया। साधन संपन्न लोग अपने वाहनों से ही एक-दूसरे के घरों में जाते रहे। मुख्यमंत्री ने बहनों के लिए बस यात्रा फ्री कर दी थी, जिससे कुछ रौनक दिखी। वरना बसें खाली ही दौड़ती रहतीं।
रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर प्यार का धागा बांधती बहन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD