फर्रुखाबाद। जनपद में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। फाल्ट से कई उपकेंद्र ठप हो गए तो कई फीडरों में फाल्ट से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। शाम तक फीडर चालू करने की कवायद चलती रही।
बारिश शुरू होने के बाद फाल्ट होने से शहर के बाद ठंडी सड़क व जसमई उपकेंद्र ठप हो गए। बिजली गिरने से फतेहगढ़ के न्यायालय फीडर पर कई इंस्यूलेट पंक्चर हो गए।
इसके अलावा शहर के शेष छह उपकेंद्रों के फीडर भी एक-एक ब्रेकडाउन होने से क्षेत्र की बिजली गुल रही। बारिश थमने पर कर्मियों ने फाल्ट ठीक करना शुरू किया।
शाम तक सभी फीडरों को चालू किया जा सका।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र में कुल 20 उपकेंद्र हैं। बारिश के दौरान सभी उपकेंद्र थोड़ी-बहुत देर के लिए बंद हुए। बारिश थमने के बाद एक-एक कर चालू किए गए।
वहीं उपकेंद्र संकिसा व कमालगंज ब्रेकडाउन में ठप होने से शाम तक फाल्ट ठीक करने की कवायद चलती रही। कायमगंज क्षेत्र के नवाबगंज व हजियापुर उपकेंद्र शाम पांच बजे तक चालू नहीं हो
सके। इससे क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान रहे। अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार गौतम व खान चंद्रा ने बताया कि फीडरों पर काम चल रहा है। शीघ्र ही बिजली चालू करने का प्रयास है।