संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। सांसद मुकेश राजपूत के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड ने मुहर लगा दी है। कानपुर से भिवानी के बीच चलने वाली कालिंदी एक्सप्रेस का प्रयागराज तक विस्तार कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक ने नया टाइम टेबल जारी कर पांच अगस्त की तिथि भी तय कर दी। इससे जिले के लोगों को बड़ा फायदा होगा।
सांसद मुकेश राजपूत कालिंदी एक्सप्रेस को प्रयागराज से चलाने के लिए काफी दिनों से प्रयासरत थे। उन्होंने रेलवे के चेयरमैन और रेल मंत्री को पत्र दिया था। इसी को देखते हुए रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा ने मंगलवार को एक पत्र जारी कर दिया। इसमें कहा कि भिवानी से कानपुर तक चलने वाली दैनिक कालिंदी एक्सप्रेस को पांच अगस्त से प्रयागराज से चलाया जाएगा। कालिंदी एक्सप्रेस का अब नया नंबर 14117/14118 होगा। इस गाड़ी को प्रतिदिन चलाया जाएगा। इसकी नई समय सारिणी भी जारी कर दी गई। इसके तहत अब यह ट्रेन भिवानी से शाम 19:40 पर चलकर फर्रुखाबाद में सुबह 5:30 पर पहुंचेगी। फर्रुखाबाद से प्रयागराज के लिए सुबह 6:00 बजे प्रस्थान करेगी। यही ट्रेन प्रयागराज से शाम 3:50 बजे फर्रुखाबाद के लिए रवाना होगी। फर्रुखाबाद स्टेशन पर रात 9:50 बजे पहुंचेगी। आधा घंटे रुकने के बाद 10:20 बजे भिवानी के लिए प्रस्थान करेगी। अब इस ट्रेन में 17 की बजाय 21 डिब्बे होंगे।
उत्तर रेलवे के प्रयागराज मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने नोटीफिकेशन जारी कर दिया है। संचालन की पांच तारीख भी तय कर दी है। मगर यह तिथि अभी अंतिम नहीं है इसमें बदलाव किया जाएगा। प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन होने से जिला ही नहीं आसपास के यात्रियों को भी खासा फायदा होगा।