फर्रुखाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे कायमगंज से शमसाबाद स्टेशनों के बीच पीक्यूआरएस मशीन से सीटीआर कार्य करेगी। इसको लेकर नौ सितंबर से 30 नवंबर तक सप्ताह में पांच दिन चार-चार घंटे का रेल आवागमन बंद रहेगा। दो ट्रेन निरस्त, तीन ट्रेनों को रोककर चलाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित समय के अनुसार सोमवार से बृहस्पतिवार तक सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक और रविवार को सुबह सवा नौ से दोपहर 1.15 तक पावर ब्लाॅक रहेगा। इस दौरान ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से बंद किया जाएगा। इससे गाड़ी संख्या 55343 फर्रुखाबाद-कासगंज ट्रेन प्रत्येक रविवार यानी 14, 21, 28 सितंबर, पांच, 12, 19, 25 व 26 अक्तूबर, दो, नौ, 16, 23 व 30 नवंबरको निरस्त रहेगी।
गाड़ी संख्या 15040 कासगंज से का्नपुर अनवरगंज जाने वाली ट्रेन प्रत्येक रविवार को कासगंज-फर्रुखाबाद के बीच निरस्त रहेगी। इस ट्रेन को फर्रुखाबाद से कानपुर अनवरगंज तक चलाया जाएगा। इसी ट्रेन को प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को कासगंज में 70 मिनट और कायमगंज में 20 मिनट रोककर चलाया जाएगा।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 09185 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज ट्रेन को 15 सितंबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को कायमगंज में 60 मिनट (एक घंटा) रोककर चलाया जाएगा। गाड़ी संख्या 55345 लखनऊ जंक्शन-कासगंज ट्रेन को 14 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को फर्रुखाबाद से 60 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।