फर्रुखाबाद। दुष्कर्म पीड़िता किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस आरोपियों को उनके नाते-रिश्तेदारों के घरों में तलाश रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की चौकी सरह के एक गांव निवासी ग्रामीण ने शिवओम उर्फ शिवम व अंकित के खिलाफ पुत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में बुधवार को मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया कि 20 माह पहले शिवओम उर्फ शिवम सहित दो लोग उसकी 16 वर्षीय पुत्री को अपने साथ लेकर चले गए थे।
पिता ने शिवओम सहित दो लोगों के खिलाफ किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया था।
जमानत पर छूटने के बाद शिवम ने किशोरी से शादी करने का दबाव बनाया। किशोरी के इन्कार करने पर उसकी शादी न होने की धमकी दी थी।
किशोरी ने चार नवंबर को दुखी होकर डीजल डालकर खुद को आग लगा ली थी। गुरुवार को एसपी के आदेश पर पुलिस कर्मी किशोरी को एंबुलेंस से दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में लेकर गए।
एसपी ने आरोपी शिवओम व अंकित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया है।
बताया जाता है कि 16 नवंबर तक दोनों आरोपी गांव में घूमते रहे। इसके बाद जब सोशल मीडिया पर आरोपी की करतूत के वीडियो वायरल हुए तो दोनों आरोपी भाग गए।