फतेहगढ़ स्थित जिला जेल में बुधवार को दोपहर बाद सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक ने छापा मारा। उन्होंने बंदियों की तलाशी ली। इसमें तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। बंदियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए हैं।
जिला जेल में बंदियों के पास मोबाइल रहना कोई नई बात नहीं है। गत वर्ष जेल में तलाशी के दौरान मोबाइल बरामद हुए थे। इस मामले में दो बंदी रक्षक निलंबित भी हुए थे। दोपहर बाद सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक निरीक्षण करने जिला जेेल पहुंचे। उन्होंने बैरकों की गहनता से तलाशी कराई।
जेल सूत्र बताते हैं कि बैरकों में चाकू, बर्तन, मोबाइल और गांजा भी बरामद हुआ। इससे जेल प्रशासन में खलबली मची रही। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया।
सेंट्रल जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि तलाशी के दौरान जिला जेल से तीन मोबाइल बरामद हुए हैं।
उन्होंने जिला जेल के प्रभारी अधीक्षक को मोबाइल रखने वाले बंदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। पुलिस जांच में बंदियों का सहयोग न करने वाले जेल कर्मियों का खुलासा होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।