शमसाबाद। गरीबों के हक का राशन ई-रिक्शे पर लादकर बाजार बिकने पहुंचा दिया गया। ग्रामीणों को भनक लगी तो उन्होंने ई- रिक्शे को रोक लिया और प्रधान को सूचना दी। पुलिस ने मामले की छानबीन की।
थाना क्षेत्र के गांव छिछौनापुर से राशन का 1.17 कुंतल गेहूं रविवार को ई-रिक्शा से बाजार में बिकने के लिए आ रहा था। ग्रामीण ई-रिक्शा का पीछे करते हुए बाजार में पहुंच गए। ग्रामीणों ने ई-रिक्शा को रोक लिया और गांव के प्रधान पर्वत सिंह को सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रधान मौके पर पहुंचे और थाने में राशन की कालाबाजारी कराने के संबंध में कोटेदार राम जीत यादव के खिलाफ तहरीर दी।
कोटेदार रामजीत ने बताया कि गेहूं गांव के ग्रामीणों ने ही बेचा है। पुलिस ने मामले में खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है। (संवाद)