भोजपुर में क्वारंटीन 99 लोगों में 16 को बुखार
कमालगंज। कृषि महाविद्यालय भोजपुर में शनिवार सुबह चिकित्सक डॉ. मान सिंह वर्मा व डॉ. विकास पटेल की टीम ने 99 लोगों की जांच की। इनमें 16 लोगों को बुखार था। यह लोग राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई व गुजरात के बड़ौदा शहर से आए हैं। प्रेमपुष्प गेस्ट हाउस में हरदोई जिले के 23 लोगों को रोका गया है। स्पोर्ट गार्डन में फरीदाबाद से आए 31 व अहमदाबाद के 35 लोग रोके गए हैं। वहीं जेएसएम स्कूल में 102 लोग सोनीपत से आए हैं। इन सभी का भी टीम ने परीक्षण किया है।
फरीदाबाद से चले, हाथरस में एसडीएम से फरियाद
स्पोर्ट गार्डन में 31 लोग फरीदाबाद से आए हैं। ओल्ड फरीदाबाद के सेक्टर 86 में मजदूरी करने वाले कन्नौज के इंदरगढ़ निवासी परिवार की महिला ने बताया कि उनके साथ पांच महिलाएं और दस बच्चे चार दिन पूर्व फरीदाबाद से पैदल चले थे। हाथरस में थक गए। तब वे एसडीएम की ऑफिस में पहुंचीं। हाथरस के प्रशासन ने फर्रुखाबाद पहुंचाया।
298 किमी साइकिल चलाकर आए दो भाई क्वारंटीन
कायमगंज के मोहल्ला चिलांका निवासी 28 वर्षीय युवक छोटे भाई के साथ फरीदाबाद में सब्जी बेचता था। दोनों ने अलग-अलग साइकिल से 26 घंटे में 298 किमी का सफर तय किया। परिजनों ने बताया था सीधे फ्लू कैंप जाना। इस पर वे सीधे कैंप पहुंचे। कैंप प्रभारी सतेंद्र कटियार ने बताया कि दोनों भाइयों समेत बाहर से आए 38 लोगों को एसएनएम कालेज व फ्लू कैंप में क्वारंटीन किया गया है।
किट देकर क्वारंटीन सेंटर से रवाना किए प्रवासी मजदूर
कायमगंज। गुरुवार रात राजस्थान से आए 997 प्रवासी मजदूर कई क्वारंटीन सेंटरों पर रोके गए थे। शुक्रवार को सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई थी। इसमें चार बुखार पीड़ितों व उनके परिवार को छोड़कर सभी को घरों के लिए रवाना किया गया। तहसीलदार भूपाल सिंह व कानूनगो सतेंद्र कटियार व लेखपालों की टीम ने फर्रुखाबाद जनपद के प्रवासियों को एक-एक राशन की किट वितरित की। गैर जनपद के प्रवासियों को उनके ही जनपद में किट दी जाएगी।