फोटो-26, लोहिया अस्पताल के ब्लड नमूना काउंटर पर धक्का मुक्की। संवाद
फर्रुखाबाद। रविवार अवकाश, सोमवार हाफडे और मंगलवार को बारिश के बाद बुधवार को मौसम साफ होने से ओपीडी में 820 मरीज पहुंचे।
दोपहर डेढ़ बजे तक पंजीकरण, पर्चा और डॉक्टरों के यहां लंबी कतारें लगी रहीं। जलभराव में पनप रहे मच्छरों की वजह से टाइफाइड बुखार से मरीज बढ़े हैं। ब्लड नमूना काउंटर पर धक्का-मुक्की होती रही।
जिले में बारिश, बाढ़ के बाद जलभराव के चलते मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। लिहाजा बुखार के मरीज भी बढ़ रहे हैं। बुधवार को सुबह नौ बजे से ही लोहिया अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लाइनें लग गईं। पंजीकरण काउंटर पर गेट के बाहर तक मरीजों को खड़ा करना पड़ा। करीब 400 मरीज फिजीशियन ने देखे। इनमें से 300 ने बुखार की शिकायत की।
मरीजों की भीड़ ब्लड नमूना काउंटर की संकरी गैलरी में पहुंची तो धक्का मुक्की होने लगी। वहां तैनात गार्ड ने कई बार लोगों को बमुश्किल शांत किया। दोपहर दो बजे के बाद तक नमूना लिए जाते रहे।
वहीं, सेंट्रल लैब में इन दिनों आने वाले नमूनों की जांच में टाइफाइड के मरीज तेजी से बढ़े हैं। सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि बदलते मौसम में मरीज बढ़ते हैं। फिलहाल डेंगूू आदि के मरीज नहीं आ रहे हैं।
अब टाइफाइड लोगों को ज्यादा परेशान कर रहा है। इसकी वजह ग्रामीण इलाकों में जलभराव है, साफ पानी का अभाव है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पानी को गर्म करके ठंडा करने के बाद छानकर प्रयोग करना चाहिए।