कमालगंज। ग्राम पंचायत बीबीपुर के पंचायत घर में तीन माह से अनुपस्थित चल रहीं पंचायत सहायक को सेवा से हटाने की संस्तुति की गई है। ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई के लिए ब्लाॅक कार्यालय भेजा गया है।
ग्राम प्रधान मंजेश कटियार की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में कहा गया कि पंचायत सहायक कृतिका की शादी होने से पंचायत घर नहीं खोला जा रहा। ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज नहीं की जा रही। वन फैमिली वन आईडी का कार्य नहीं किया गया। लगातार अनुपस्थित से ग्रामीणों के काम प्रभावित हैं। इसलिए उनको हटाकर नई नियुक्ति किए जाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रधान मंजेश काटियार ने बताया कि इस संबंध में पारित प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी को भेज दिया गया है।