फरार हत्यारोपी समी की संपत्ति होगी जब्त
कायमगंज। नेत्र परीक्षक हत्याकांड का मुख्य आरोपी समी अब तक फरार है। अब उसकी लाखों रुपये की संपत्ति जब्त होगी। इसके लिए डीएम ने स्वीकृति दे दी है। पिछले दिनों कोतवाली पुलिस ने एसपी के माध्यम से संपत्ति जब्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी थी।
30 अगस्त 2019 को कोतवाली क्षेत्र के गांव याहियापुर निवासी नेत्र परीक्षक विलाल खां की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि चचेरे भाई समी खां ने भूमि के विवाद में किराए के शूटरों से उन्हें मरवाया था। घटना में शामिल अधिकांश आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी समी व उसका बाउंसर आशीष अभी भी फरार है।
पुलिस समी पर गैंगस्टर की कार्रवाई पहले ही कर चुकी है। उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित है। कुर्की की कार्रवाई भी हो चुकी है। रेलवे रोड के पास उसकी एक दुकान व पीछे प्लाट है। दोनों की कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। पिछले दिनों कोतवाली पुलिस ने एसपी डॉ. अनिल मिश्रा के माध्यम से जिलाधिकारी से उसकी संपत्ति जब्त करने के लिए अनुमति मांगी थी।
जिलाधिकारी ने हत्यारोपी समी की दुकान व प्लाट जब्त करने की स्वीकृति दे दी है। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि हत्यारोपी समी शातिर है। वह कोतवाली क्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों की सूची में नंबर एक पर है। समी की संपत्ति जब्त करने के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। आगे की कार्रवाई राजस्व विभाग करेगा।