फर्रुखाबाद। पूर्व सभासद सर्वेश हत्याकांड में पुलिस अभी तक किसी नतीजे में पहुंच नहीं पाई है। जांच में पता चला है कि सर्वेश ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। सूदखोरों के तगादे से वह परेशान थे। सीसीटीवी में पूर्व सभासद के फुटेज मिले है। इसमें वह एक झोला ले जाते दिखाई दे रहे है। झोले में आखिर क्या था। घटना स्थल पर पुलिस को झोला नहीं मिला था। रविवार को स्वाट टीम ने फिर से मौके पर जाकर पड़ताल की है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी पूर्व सभासद सर्वेश गुप्ता की 19 फरवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने सर्वेश के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। स्वाट टीम ने सर्वेश का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगवा कर छह लोगों को पकड़ कर पूछताछ की। उनसे कोई सुराग नहीं मिला। इससे पकड़े लोगों को छोड़ दिया। स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम ने रविवार को फिर से घटना स्थल पर जाकर छानबीन शुरू की है।
टीम को पता चला है कि पूर्व सभासद ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। सूदखोर रुपये की अदायगी को लेकर दबाव बना रहे थे। इसको लेकर पूर्व सभासद घटना के एक सप्ताह पहले से परेशान चल रहे थे। स्वाट टीम के लिए पूर्व सभासद का झोला भी पहेली बना हुुआ है। सीसीटीवी कैमरों में पूर्व सभासद के जो फुटेज मिले है। उसमें वह घर से एक झोला ले जाते दिखाई दिए हैं। झोले में वह आखिर क्या ले जा रहे थे। टीम ने इसको लेकर भी वहां पड़ताल की।