सर्दी में कंधे पर बच्चे को बैठाकर शाल ओढ़ाकर ले जाता युवक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सर्द हवाओं और तापमान लुढ़कने से हाड़ कांपने लगे हैं। सुबह से रात तक कोहरे की चादर से गांव और शहर ढका रहा। बुधवार को तापमान लुढ़कर पांच डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं। कोहरे के चलते सूर्यदेव कुछ मिनट के लिए दिखे लेकिन धूप नहीं निकली। ठंड का आलम यह रहा कि शाम होते ही सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर गया।
आसमान पर छाए घने बादलों के चलते तापमान में लगातार गिरावट होती जा रही है। मंगलवार को सात डिग्री तापमान बुधवार को पांच पर पहुंच गया। सुबह से ही हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से लोग बेहाल दिखे। सबसे ज्यादा दिक्कत गरीबों को हो रही है। लोग इधर-उधर ठिठुरते दुबके दिखाई दिए। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड समेत सार्वजनिक स्थलों पर लोग ठंड में सिकुड़ते दिखे। घुमंतू लोगों के बच्चों का बुरा हाल है। बाजार में दुकानों पर ग्राहकों की संख्या भी काफी कम रही। सुबह 11 बजे तक दुकानें खुल सकीं, जबकि शाम छह बजे दुकानों के शटर नीचे होने लगे। सड़कों पर सन्नाटा सा पसर गया।
गर्म कपड़ों की बिक्री तेज
कड़ाके की ठंड होते ही गर्म कपड़ों की बिक्री तेज हो गई है। हर कोई स्वेटर, शॉल, कंबल, मफलर खरीद रहा है। डिमांड बढ़ने पर दुकानदारों कपड़ों के दाम भी बढ़ा दिए हैं।