कलक्ट्रेट में सीओ सिटी से बात करते टेंपो चालक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर में टेंपो चालकों के मनमाने ढंग से चालान करने के विरोध में टेंपो चालकों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। टीएसआई पर वसूली कर खटारा टेंपो चलवाने व नए टेंपो का चालान करने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था किए जाने की भी मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में सुबह करीब 50 टेंपो चालक पहुंचे। राजन, सत्यम, सचिन, टल्लन, विजय, मनीष, सारिक, शेरा, जितेंद्र आदि टेंपो चालकों ने कहा कि टीएसआई देवेश कुमार ने मंगलवार को लाइसेंस व कागजात होने के बावजूद लालगेट पर 32 टेंपो का चालान कर दिया। जबकि सोमवार को नेकपुर पुल के नीचे 11 टेंपो का चालान किया गया। आरोप लगाया शहर में करीब 200 खटारा टेंपो बिना कागजात के चल रहे हैं। उन पर टीएसआई ने नंबर भी डाल दिए। अब उन लोगों के नए टेंपो पर टीएसआई द्वारा नंबर भी नहीं डाले जा रहे हैं और चलाने पर मनमान ढंग से चालान किए जा रहे हैं।
इससे ऋण पर लिए गए टेंपो की किस्त निकलना भी मुश्किल है। इस बीच कलक्ट्रेट पहुंचे सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड से भी टेंपो चालकों ने टीएसआई की शिकायत की। हालांकि उन्होंने भी कोई राहतपूर्ण जवाब नहीं दिया। कहा कि मनमाने ढंग से टेंपो चलाने पर चालान अवश्य किया जाएगा। सीओ सिटी के जाने के बाद टेंपो चालकों ने टीएसआई के विरुद्ध नारेबाजी की। बाद में जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर लौट गए। टीएसआई देवेश कुमार ने बताया कि वसूली का आरोप गलत है। ओवर लोडिंग व कागजात न दिखाने पर टेंपो के चालान किए गए हैं।