- सीएमओ ने सीसीटीवी फुटेज तलब किए
- लोहिया अस्पताल परिसर में मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। लोहिया महिला अस्पताल परिसर में नवजात का शव कुत्तों द्वारा नोचने के मामले में अब निजी अस्पताल रडार पर आ गए हैं। सीएमओ ने करीब एक दर्जन निजी अस्पतालों के सीसीटीवी फुटेज तलब किए हैं। इससे अस्पताल संचालकों में खलबली मच गई है।
लोहिया महिला अस्पताल परिसर में 14 अक्तूबर को नवजात का शव कुत्ते नोच रहे थे। यह देख एंबुलेंस कर्मियों ने शव को कुत्तों से छुड़ाकर पॉलिथीन में लपेटकर लेबर रूम के बाहर रख दिया था। इस मामले में अपर निदेशक स्वास्थ्य कानपुर मंडल डॉ.अंजू दुबे व संयुक्त निदेशक रचना गुप्ता ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर जांच की। कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए गए थे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन लोहिया अस्पताल से बच्चा फेंके जाने की पुष्टि नहीं हुई। इससे अब आसपास स्थित निजी अस्पताल में प्रसव होने के बाद शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि लोहिया अस्पताल के निकट स्थित निजी अस्पताल से नवजात का शव फेंके जाने की पूरी आशंका है। करीब एक दर्जन निजी अस्पतालों के सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं। इसमें नवजात का शव किस अस्पताल से फेंका गया है, इसका खुलासा हो सकेगा। उसी अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।