कमालगंज(फर्रुखाबाद)। प्राथमिक विद्यालय नौगंवा में भोजपुर विधायक ने ग्राम प्रधानों से कहा कि वह पार्टीबंदी छोड़कर गांव के विकास में जुटें। ग्राम पंचायत निधि से आठ लाख रुपये की लागत से कराए गए जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया। ग्रामीणों को पॉलीथिन का उपयोग न किए जाने का संकल्प भी दिलाया गया।
विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नौगंवा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण, छत की मरम्मत, नवीन शौचालय, कक्षों में टायल व नए दरवाजे आदि कार्यों का लोकार्पण भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने किया। अल्पसंख्यक बहुल गांव नौगंवा में विधायक ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याण कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा हर पात्र को जाति-धर्म का भेदभाव किए बिना योजनाओं का लाभ देने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने पर्यावरण व व्यक्तिगत जीवन में पॉलीथिन से होने वाले नुकसानों के प्रति सचेत कर इससे मुक्ति का आह्वान किया। जल संरक्षण व पौध रोपण पर भी जोर दिया।
प्रधान पुत्र नूरआलम ने विधायक को मुकुट पहनाया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य फतेहचंद्र वर्मा, विधायक प्रतिनिधि शिवकुमार गोयल, खंड विकास अधिकारी राजेश बघेल, अवर अभियंता राजीव गोयल, सेक्रेटरी अरुण यादव, प्रधान जबर सिंह, अनिरुद्ध प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, अमित कुमार, राजीव चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश चौहान ने किया। आठ लाख रुपये से कार्य होने के बावजूद शौचालय पर टंकी नहीं लग सकी।