फर्रुखाबाद। मिशन इंद्रधनुष के तहत एएनएम की मनमानी ड्यूटी से खराब प्रगति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। इस पर सीएमओ ने लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने सभी सीएचसी के नोडल अधिकारी एसीएमओ व डिप्टी सीएमओ लगातार निरीक्षण कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। यह भी बताया कि प्रमुख सचिव ने वार्ता के दौरान मिशन इंद्रधनुष-5.0 में जनपद की प्रगति संतोषजनक न होने पर नाराजगी जताई। निर्देश दिए कि सभी ब्लाक नोडल अधिकारी अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कार्य की प्रगति में सुधार लाएं। जिस अधिकारी व कर्मचारी की लापरवाही मिले, उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ.सर्वेश यादव ने बताया कि शनिवार को प्रथम चरण के अंतिम दिन टीकाकरण में सुधार दिखा और करीब 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया। दूसरा चरण 11 से 16 सितंबर तक व तीसरा चरण 9 से 14 अक्तूबर तक चलेगा। टीकाकरण की समय से फीडिंग न हो पाने से शासन स्तर पर की गई मॉनीटरिंग में जिले की प्रगति खराब रही। इसमें सुधार किया जा रहा है।