त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में फर्जी पहचान पत्र और बैंक खाता लगाकर प्रधानी का चुनाव लड़कर जीत हासिल करने वाली प्रधान फर्जीवाड़े में फंस गई हैं। शिकायत पर हुई जांच में फर्जीवाड़ा किए जाने की पुष्टि हुई है। डीएम ने प्रधान को नोटिस जारी स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है।
वर्ष 2015 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बढ़पुर ब्लाक की ग्राम पंचायत हुसैनपुर नौखंडा का नन्हे लाल की पत्नी बीना देवी ने प्रधानी चुनाव जीता था। इनकी शिकायत गांव के मनोज कुमार ने 16 मार्च 2016 को जिलाधिकारी से की। इसमें प्रधान का पहचान पत्र, बैंक पासबुक और जाति प्रमाण पत्र फर्जी होने का उल्लेख किया था।
डीएम ने इसकी जांच तहसीलदार सदर से कराई। जांच अधिकारी ने जांच में पाया कि बीनादेवी गांव महोना तहसील छिवरामऊ जिला कन्नौज की मूल निवासी है। इन्होंने फर्जी व कूट रचित दस्तावेजों के आधार बनवाए गए जाति प्रमाण पत्र व मतदाता सूची में फर्जी प्रपत्रों के आधार पर नाम दर्ज कराकर चुनाव लड़ कर जीत हासिल की।
बीमा देवी ने नामांकन के दौरान जो मतदाता पहचान पत्र की छाया प्रति लगाई थी। वह जांच में रवि पुत्र अमरनाथ की निकली। जो बैंक खाता संख्या लगाया था। वह लौंगश्री पत्नी कमलेश कुमार निवासी हरदेव नगला हुसैनपुर नौखंडा का निकला। डीएम ने तहसीदार की जांच आख्या के आधार पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत के माध्यम से प्रधान को नोटिस भेजा है। इसमें स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है। अगर स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं दिया गया तो कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।