फर्रुखाबाद। प्रधानाचार्य से मारपीट के मामले में गुरुवार को पुलिस ने 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी की।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खटकपुरा इज्जत खां निवासी राजेंद्रपाल थाना मऊदरवाजा के गांव टिकुरियन नगला स्थित कल्याण शिक्षण संस्थान इंटर कालेज में प्रधानाचार्य हैं। बुधवार को प्रधानाचार्य बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों में लगे थे।
प्रधानाचार्य का आरोप है कि शाम करीब चार बजे टिकुरियन नगला निवासी वीरपाल और शिवा अपने साथ 25 हमलावरों के साथ विद्यालय आए और प्रश्नपत्र मांगे। प्रश्नपत्र देने से मना करने पर प्रधानाचार्य के साथ मारपीट कर जातिसूचक गालियां दीं। विद्यालय के स्टाफ सूरज प्रसाद, दुर्वेश कुमार और रवी कुमार ने प्रधानाचार्य को बचाया। राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर, एसओ सुनील यादव ने बताया कि वीरपाल की बेटी कल्याण शिक्षण संस्थान इंटर कालेज में पढ़ती है। उसकी फीस जमा न होने पर उसे प्रवेशपत्र नहीं दिया गया था। वीरपाल प्रवेशपत्र लेने के लिए गए थे। इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था।