फर्रुखाबाद में यूपी एजूकेशन मिनिस्ट्रियल आफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय सभागार में बैठक हुई। इसमें परीक्षा प्रभारी लिपिक से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मुद्दा छाया रहा। संगठन ने जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
बैठक में परीक्षा प्रभारी लिपिक प्रेमचंद्र ने कहा कि उन्होंने यूपी बोर्ड परीक्षा के आए प्रश्नपत्र के बाक्स उठाने को राजकीय इंटर कालेज फर्रुखाबाद के प्रधानाचार्य को फोन किया। उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जिसकी रिकार्डिंग भी संगठन के सदस्यों को सुनाई गई। अभद्र भाषा का प्रयोग करने की बैठक में निंदा की गई। लिपिक विनय कुमार अग्निहोत्री द्वारा चार माह पूर्व जीपीएफ ऋण स्वीकृति को पत्रावली संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय कानपुर भी भेजी थी।
जिसका अभी तक निस्तारण नहीं किया। इसको लेकर उच्च अधिकारियों से वार्ता करने का संगठन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया। बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक डा. आदर्श कुमार त्रिपाठी से मिलकर ज्ञापन दिया और प्रधानाचार्य सुनील कटियार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, सचिव सुभेष सिंह तोमर, प्रांतीय संगठन मंत्री राजेश अग्निहोत्री, अरविंद कुमार, सुरेश चंद्र सक्सेना, विपिन चंद्र कटियार, मनोज मिश्रा, कमलेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।