जीत का प्रमाण पत्र दिखातीं राजकुमारी कठेरिया व मौजूद मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। बढ़पुर विकास खंड की द्वितीय जिला पंचायत सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी राजकुमारी कठेरिया ने 3040 मतों से जीत दर्ज की है। राजकुमारी को 6117 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सचिन जाटव को 3077 मत मिले। अनिल कठेरिया 1966 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मतगणना छह टेबिल लगाकर 11 चक्रों में संपन्न हुई।
सोमवार को मंडी समिति सातनपुर में मतगणना हुई। 1 जुलाई को हुए मतदान में 11813 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगणना में 256 मत निरस्त हुए। 11557 मत वैध पाए गए। चौथे स्थान पर भारत को 58, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद को 312 और रामा को 27 मत मिले।
राजकुमारी कठेरिया सांसद मुकेश राजपूत के चालक की पत्नी हैं। भाजपा ने अपने समर्थन से इन्हें चुनाव मैदान में उतारा था। जीत की घोषणा होते ही भाजपाइयों ने जमकर नारे लगाए और राजकुमारी को फूल मालाओं से लाद दिया। सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी भी मतगणनास्थल पर मौजूद रहे।