फर्रुखाबाद। गैंगस्टर के आरोप में जेल में निरुद्ध चल रहे सपा नेता की पत्नी व उसके साथी के खिलाफ करीब 10 दिन पहले रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विभागीय सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस मामले में कुछ अन्य लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी में लग गई है। जग्गू की पत्नी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हो सकता है।
शिवाजी कॉलोनी मसेनी निवासी राहुल परमान ने 12 अगस्त को गैंगस्टर के मामले में जेल में निरुद्ध चल रहे देवेंद्र यादव उर्फ जग्गू की पत्नी प्रीती यादव निवासी लोको कॉलोनी व गंगानगर कॉलोनी निवासी प्रधान पति श्रवण शुक्ल छोटे व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में पीड़ित का अपहरण कर बंधक बनाकर जानमाल की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने रात में ही दबिश मारकर दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि इसके बाद से देवेंद्र यादव उर्फ जग्गू की पत्नी के साथ ही कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात फतेहगढ़ कोतवाली में इसको लेकर तानाबाना भी बुना गया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि सरकार अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्त है। अगर किसी भी अपराधी के खिलाफ तहरीर मिलेगी तो जांच के बाद उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिर चाहे वह कोई हो। फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।