फर्रुखाबाद। कादरी गेट चौकी को थाना बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। भवन से लेकर कार्यालय में रंगरोगन का काम चल रहा है। पुलिस कर्मियों की नियुक्त के लिए शासन में इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृत मिलते ही पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी।
जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र का सबसे बड़ा क्षेत्र है। ऐसे में यहां के बाशिंदों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। अधिकारियों ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए कादरी गेट चौकी को थाना बनाने के संबंध में दो वर्ष पहले प्रस्ताव भेजा था। तत्कालीन एसपी डॉ. अनिल कुमार मिश्रा के कार्यकाल में राज्यपाल ने कादरीगेट चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत कर लिया था।
शासन से वर्ष 2022 में थाना बनाने के लिए बजट भी स्वीकृत किया गया। स्थानीय लोगों ने भी चौकी को थाना बनाने के लिए सहयोग किया। वर्तमान में थाने का भवन व कार्यालय के अलावा बाउंड्रीवॉल बनकर तैयार हो गई है। रंग-रोगन का काम चल रहा है। विभाग ने शासन में कादरी गेट थाने में इंस्पेक्टर, दरोगा, दीवान, सिपाही व कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्त के लिए प्रस्ताव भेजा है। संभावना है कि इसी महीने स्वीकृत मिल जाएगी। इसके बाद थाने का शुभारंभ हो जाएगा।
पांच चौकी सहित फतेहगढ़ के कुछ मोहल्ले हैं शामिल
कादरीगेट थाने में चौकी आईटीआई, पांचालघाट, आवास विकास, नखास चौकी क्षेत्र को शामिल किया गया है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की चौकी, कर्नलगंज के कुछ मोहल्ले भी कादरीगेट थाने में शामिल किए गए हैं।
कादरीगेट चौकी को थाना बनाने का काम चल रहा है। उसका शुभारंभ कब होगा अभी इस संबंध में शासन से जल्द आदेश आने की संभावना है।
- प्रदीप कुमार सिंह, सीओ सिटी