फर्रुखाबाद। राज्य सड़क परिवहन निगम ने प्रयागराज महाकुंभ के लिए यात्रियों के बाद कर्मियों के लिए भी प्रोत्साहन योजना शुरू की है। इसके तहत 11 दिन तक जो चालक-परिचालक ड्यूटी करेगा उसे 2200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
रोडवेज ने यात्रियों को लुभाने के लिए 50 टिकट बुक कराने वालों को दो यात्री नि:शुल्क यात्रा कराने की योजना पहले ही लागू कर दी है। अब चालक-परिचालकों की कमी के चलते बसें निरस्त न हों, इसके लिए भी तैयारी कर ली है। विभाग ने 26 जनवरी से पांच फरवरी तक 11 दिन की प्रोत्साहन योजना लागू की है।
एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत चालक-परिचालकों को दो तरह का लाभ दिया जाएगा। 100 फीसदी या अधिक लोड फैक्टर पर निगम आय का दो प्रतिशत, 90 से 99 प्रतिशत पर 1.50 प्रतिशत और 80 से 89 प्रतिशत लोड फैक्टर पर निगम आय का एक प्रतिशत लाभांश चालक-परिचालक को प्रोत्साहन स्वरूप दिया जाएगा।
इसके अलावा किलोमीटर आधारित भी प्रोत्साहन योजना रहेगी। इसमें 11 दिन ड्यूटी और 3300 किमी बस चलाने पर 2200 रुपये, नौ दिन ड्यूटी और 2700 किमी पर 1800 रुपये तथा सात दिन ड्यूटी में 2100 किमी चलाने पर 1400 रुपये प्रोत्साहन राशि चालक-परिचालकों को मिलेगी।
एआरएम ने बताया कि रास्ते में किसी भी यात्री को यात्रा संबंधी असुविधा होने पर चालक-परिचालक उसका समाधान कराएंगे। इस योजना से चालक-परिचालक अधिक ड्यूटी करेंगे, तो यात्रियों को बस अड्डा पर बसों का इंतजार नहीं करना होगा।