कमालगंज। भोजपुर ग्राम पंचायत के प्रधान ने जिलाधिकारी व डीपीआरओ से मिलकर गांव के ही जिला बदर रहे व्यक्ति पर रंगदारी न देने से जानमाल की धमकी दिए जाने की शिकायत की। साजिश करके कई परिजनों को ग्राम पंचायत सदस्य बना लेने का आरोप भी लगाया है।
प्रधान भुवन बरतरिया ने जिलाधिकारी व डीपीआरओ से मिलकर पांच पेज का शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें कहा गया कि वह अपने 6 साल के पुत्र व पत्नी के साथ गांव में रहता है। गांव के जिला बदर रहे व गुंडा एक्ट के सजायाफ्ता व्यक्ति द्वारा उन्हें जानमाल की धमकी दी जा रही है। आपराधिक छवि के इस व्यक्ति ने पंचायत चुनाव में साजिश करके अपने 6 परिजनों को वार्ड सदस्य बनवा लिया था। इसी वजह से वह झूठी शिकायत कर प्रधानी छीनने व जानमाल की धमकी दे रहा। 19 साल के एक परिजन को 24 साल का प्रमाण पत्र लगाकर सदस्य बनवा देने की भी शिकायत की है। जिलाधिकारी व डीपीआरओ ने जांच के आदेश दिए।