फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीसलपुर बांगर में प्रधान को जानकारी दिए बिना ही सचिव ने खाते से 3.70 लाख रुपये निकाल लिए। प्रधान ने मामले की शिकायत बीडीओ से की है।
ग्राम पंचायत बीसलपुर बांगर के प्रधान धारा सिंह ने बीडीओ मोहम्मदाबाद से शिकायत की कि उनके गांव में 24 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण स्वीकृत है। सचिव ने उनका डोंगल ले लिया और श्रीबाला जी फर्म के खाते में तीन लाख 70 हजार रुपये स्थांतरण कर दिए। इसकी उन्हें जानकारी भी नहीं दी गई। सामग्री न होने से निर्माण भी रुक गया। भुगतान मिलने के बावजूद फर्म ने निर्माण सामग्री देने से मना कर दिया। इस स्थिति में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण पूरा कराना संभव नहीं है। प्रधान ने सचिव को निर्माण पूरा कराने के लिए निर्देशित करने की मांग की।
प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत खाते से करीब 16 लाख रुपये अधिक का भुगतान हो चुका है। जबकि मौके पर अंत्येष्टि स्थल का निर्माण आधा ही हुआ है। सचिव ने चहेती फर्म के खाते में भुगतान कर गोलमाल किया है। बीडीओ त्रिलोक चंद्र शर्मा ने बताया कि प्रधान की शिकायत उन्हें मिली है। तत्कालीन सचिव से पूछताछ करने के साथ पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद जांच में दोषी पाये जाने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि बीसलपुर बांगर का तत्कालीन सचिव हाल ही में बहाल हुआ और उसकी फिर मोहम्मदाबाद ब्लाक में ही तैनाती कर दी गई है।