कंपिल। दरवाजे पर सो रहे सब्जी विक्रेता की दस दिन पहले रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पत्नी व भाई ने गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। पुलिस अभी तक इस मामले में किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
थाना क्षेत्र के गांव सिवारा मुकुट निवासी सब्जी विक्रेता हेम सिंह शाक्य दस अक्तूबर की रात दरवाजे पर चारपाई पर सो रहे थे। लगभग डेढ़ बजे हेम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेम सिंह के हाथ की अंगुली में गन पाउडर की फाेरेंसिक जांच में पुष्टि हुई थी। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या मानकर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पत्नी सुनीता ने तीन दिन पहले गांव के तीन लोगों के खिलाफ पति की हत्या करने के संबंध में तहरीर दी। इसमें बताया कि गांव के तीन लोगों का पति के साथ उठना बैठना था। यह लोग पति के साथ शराब भी पीते थे। अगर पुलिस उनको पकड़कर पूछताछ करे तो मामला उजागर हो सकता है। पुलिस ने इसके बाद भी किसी से पूछताछ नहीं की है। एसओ अशोक कुमार ने बताया कि पूरे मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। सही तथ्यों को शीघ्र ही उजागर किया जाएगा।