सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में 96.2 फीसदी अंक हासिल कर प्रभव मिश्र ने जिले में पहला स्थान हासिल किया है। 95 फीसदी अंकों के साथ वैभव मिश्र दूसरे जबकि 94.4 प्रतिशत अंक पाने वाले शिवम यादव को तीसरे स्थान पर रहे। प्रभव और वैभव वीरेंद्र स्वरूप एजूकेशन सेंटर के जबकि शिवम आर्मी स्कूल फतेहगढ़ का छात्र है। इस बार के परिणाम की विशेषता यह रही कि छात्राओं को पीछे करते हुए पहले तीन स्थान पर छात्रों ने ही कब्जा जमा लिया।
घोषित परीक्षा परिणाम में शहर के मोहल्ला बजरिया के डा. प्रमोद मिश्र के पुत्र प्रभव मिश्र ने जिले में टॉप कर अपने परिवार, विद्यालय तथा जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रभव ने 96.2 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में कीर्तिमान बनाया है। दूसरा स्थान हासिल करने वाले वैभव मिश्र शहर के बालाजीपुरम् मोहल्ला निवासी अधिवक्ता अरुण कुमार के पुत्र हैं। इन्होंने 95 फीसदी अंक प्राप्त किया है।
इसी तरह रेलवे कालोनी निवासी और सेना के अवकाश प्राप्त हवलदार शिवमंगल सिंह के बेटे शिवम यादव ने 94.4 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। इस बार के परिणाम की खास बात यह है कि पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर छात्रों का ही कब्जा है। छात्राएं इस बार पीछे रह गई हैं। बता दें कि अभी हाल में ही घोषित यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले के प्रथम तीन स्थानों पर छात्राएं ही थीं। मगर सीबीएसई में छात्र बाजी मार गए हैं।