नवाबगंज। 33केवी लाइन में फाल्ट से सोमवार मध्य रात कस्बा स्थित उपकेंद्र ठप हो गया। इससे कस्बा के अलावा क्षेत्र के 110 गांवों की बिजली गुल हो गई। रात में बिजली न मिलने से लोगों की नींद हराम हो गई।
रात करीब 12:30 बजे उपकेंद्र ठप होने से कस्बा सहित 110 गांवों की बिजली गुल हो गई। कर्मचारियों ने ट्रांसमिशन उपकेंद्र पर फोन कर लाइन जोड़ने के लिए कहा तो ट्रांसमिशन से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। तड़के 4:30 बजे अवर अभियंता अब्दुल मजीद 132केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र नीबकरोरी पहुंचे और लिखित रूप से लाइन ठीक होने की बात कहकर आपूर्ति चालू करने को कहा। ट्रांसमिशन से सुबह पांच बजे नवाबगंज उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति की गई। कुछ ही देर में सिरमौर बांगर फीडर के पास फाल्ट होने से पूरा उपकेंद्र ठप हो गया। कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक किया। सुबह 6:30 बजे बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। लगातार छह घंटे बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं की रात में नींद हराम हो गई। एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।