ट्रांसफार्मर बिगड़ने से 60 गांवों में बिजली संकट
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। विद्युत उपकेंद्र राजेपुर में लगा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर फाल्ट आने से खराब हो गया। इससे करीब साठ गांवों में बिजली संकट पैदा हो गया है। इनकी लाइनों को अन्य दो उपकेंद्रों से जोड़कर बिजली दी जा रही है। जिन उपकेंद्रों से गांवों को जोड़ा गया है, वह भी ओवरलोड हो गए हैं। इससे फाल्ट की समस्या अधिक बढ़ गई है।
विद्युत उपकेंद्र राजेपुर में पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इससे करीब 60 गांवों को बिजली दी जाती है। शनिवार को 33 केवी लाइन में आए फाल्ट से ट्रांसफार्मर खराब हो गया। उसकी टेस्टिंग कराई गई तो खराब घोषित कर दिया गया। इससे शनिवार को दोपहर में गुल हुई बिजली देर रात तक गायब रही।
रात में कर्मचारियों ने राजेपुर विद्युत उपकेंद्र के न्यू सलेमपुर फीडर को सलेमपुर उपकेंद्र के हदलिया फीडर की लाइन से जोड़ दिया। सलेमपुर उपकेंद्र के रामनगरिया फीडर से राजेपुर के न्यू मोहम्मदगंज व कोल्ड फीडर को बिजली देना शुरू की गई। अमृतपुर उपकेंद्र के करनपुर फीडर से राजेपुर के चपरा व पुराना करनपुर फीडर जोड़कर कुछ गांवों को बिजली दी जा रही है।
राजेपुर उपकेंद्र के पुराना सलेमपुर और मोहम्मदगंज फीडर किसी अन्य उपकेंद्र से नहीं जोड़ा गया है। इससे इन फीडरों से जिन गांवों को बिजली दी जाती है वहां की बिजली रविवार को गुल रही। उपकेंद्र के जिन फीडरों को अन्य उपकेंद्र के फीडर से जोड़कर बिजली देना शुरू की गई उन पर ओवरलोड से लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ी।
इससे बिजली बार-बार गुल होती रही। इससे गांवों में बिजली संकट गहरा गया है। अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द नया ट्रांसफार्मर मंगाया जाएगा।