फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की। इस दौरान 29 विभागों की 71 योजनाओं में प्रगति खराब होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। सुधार न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने सरकारी योजनाओं में जनवरी की प्रगति देखी। सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत आने वाली 29 विभागों की 71 योजनाओं की प्रगति खराब पाई। इस पर डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि रैंकिंग में सुधार न होने पर वेतन रोका जाएगा। जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने डीएम को बताया कि ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग, सहकारिता, 108 एंबुलेंस, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, जल जीवन मिशन ग्रामीण की रैंकिंग बेहद खराब है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने डीपीआरओ को चेतावनी दी कि फरवरी की रैंकिंग में सुधार न हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।
बताया गया कि प्रदेश में जिले की 65वीं रैंक है। हालांकि बिजली व्यवस्था ठीक बताई गई। इस दौरान विभागाध्यक्षों के साथ पहुंचे कर्मचारियों को सभागार से बाहर निकाल दिया गया। इससे साहब की चापलूसी करने वाले कर्मचारी खासी चर्चा में रहे।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार, पीडी कपिल कुमार, उपनिदेशक कृषि अनिल कुमार यादव, डीएफओ आदि अधिकारी मौजूद रहे।