कमालगंज। ग्राम प्रधान एवं पंचायत सदस्य चुनाव के लिए 312 पोलिंग पार्टियों को आरपीपीजी कालेज से रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियां रवाना होने तक जिले के आलाधिकारी डेरा डाले रहे। दोपहर बाद पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक और उप जिलाधिकारी सदर ने प्रांगण में कार्य कर रहे कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल बूथ पर पहुंचने के निर्देश दिए।
दोपहर लगभग 12 बजे डीएम सत्येंद्र सिंह व एसपी राजेशकृष्ण ने आरपीपीजी कालेज पहुंचकर जायजा लिया। कहा कि बूथ पर गड़बड़ी फैलाने वालों की सूचना तत्काल अफसरों को दें। सीडीओ एसएन शुक्ल देर शाम तक डटे रहे। देर शाम एएसपी रामभुवन चौरसिया आरपीपीजी कालेज पहुंचे।
वहां उन्हें पोलिंग पार्टियां अपना चुनावी कार्य निपटाती दिखीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा तत्काल अपने-अपने वाहनों पर पहुंचने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक रामभुवन चौरसिया ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। इस अवसर पर आरओ पंकज यादव, बीडीओ शिवप्रसाद, एडीओ पंचायत रामानंद मिश्र और प्रभारी बीएसए बेगीश गोयल आदि मौजूद रहे।