कमालगंज। थाना क्षेत्र के गांव भीखा नगला में चुनाव रंजिश को लेकर रविवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने के साथ फायरिंग भी हुई। मारपीट में एक पक्ष से आठ व दूसरे पक्ष से दो लोग घायल हो गए। थाने पहुंचे घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर जवाबी रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी आसिफ की गांव के ही सलमान व अन्य से प्रधान चुनाव की रंजिश को लेकर तनातनी चल रही है। रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे आसिफ के परिवार के जीशान व सलमान में किसी बात को लेकर गालीगलौज व मारपीट हो गई। विवाद की सूचना पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पक्षों के बीच जमकर लाठी, डंडे व ईंट, पत्थर चले और फायरिंग हुई।
मारपीट में एक पक्ष से आसिफ (23), सलाउद्दीन (62), अलाऊद्दीन (50), शाहनवाज (42), अमीनुद्दीन (40), कमरुल (30), शाहवरी (24), जैनव (30) व दूसरी ओर से सलमान व उसकी बहन रूशबा बानो घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। आसिफ ने सलमान, अनवार, इंसाद, इरशाद व रिजवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि सुबह वह अमीनुद्दीन, सलाउद्दीन, शाहबाज व अलाउद्दीन के साथ खेत पर जा रहा था। रास्ते में अपने घर के बाहर खड़े आरोपी चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट करने लगे।
उधर, सलमान ने सलाउद्दीन, जीशान, तौहीद व नाजिम के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है। इसमें कहा कि वह अपनी बहन रूशवा के साथ दरवाजे पर बैठा था। तभी आरोपी आए और चुनावी रंजिश को लेकर गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। फायरिंग की बात गलत है।