हथियापुर पुलिस चौकी के पास भाकियू नेताओं को समझाते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। ट्रैक्टर-ट्रालियों व कारों से एक दरोगा के खिलाफ डीएम को ज्ञापन देने जा रहे भाकियू नेताओं को पुलिस ने हथियापुर के पास रोक लिया।
इस दौरान दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। बाद में कार से कुछ लोगों को ज्ञापन देने जाने दिया गया। भाकियू नेताओं ने कायमगंज के दरोगा पर पक्षपात व वसूली का आरोप लगाया।
कायमगंज के गांव नगला मुकुट निवासी विजेंद्र का भतीजों से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि भतीजों ने मकान में अपना गेट लगा लिया, मगर हल्का दरोगा विजेंद्र का गेट नहीं लगने दे रहा है।
इससे खफा भाकियू के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह पाल, महासचिव शिवम बघेल आदि शुक्रवार को डीएम कार्यालय ज्ञापन देने जा रहे थे।
तभी मऊदरवाजा थाने के इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह फोर्स के साथ हथियापुर चौकी के पास पहुंच गए। जैसे ही भाकियू नेताओं के वाहन आए, तो उन्हें सड़क किनारे रोक लिया।
भाकियू नेता और विजेंद्र के परिवार की महिलाएं डीएम के यहां जाने की जिद करने लगीं। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने भाकियू नेताओं को एक कार में कुछ लोगों के साथ जाने दिया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चौकी पर बैठ गए। भाकियू नेताओं ने कहा कि दरोगा मामूली विवादों को भी बिना धन लेकर नहीं निपटाता।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दरोगा को नहीं हटाया जाता तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।