शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। दो ग्रामीण झुलस गए। घायलों को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर बैरागढ़ निवासी हलवाई प्रेमपाल राजपूत (35) गुरुवार शाम लगभग चार बजे खेत में मवेशी चराने के लिए गया था।
वहां गांव का प्रेमपाल व गांव हेकड़गंज निवासी सच्चू भी मवेशी चरा रहे थे। बरसात होने पर प्रेमपाल राजपूत, प्रेमपाल व सच्चू के छाते के नीचे बैठ गए।
इसी दौरान बिजली गिरने से तीनों बेहोश हो गए। प्रेमपाल राजपूत के मवेशी घर वापस आ गए। हेकड़गंज की महिलाएं रात को आठ बजे खेत की ओर गईं।
वहां तीनों को बेहोश पड़ा देखा। महिलाओं की सूचना पर पहुंचे परिजन तीनों को अपने-अपने घर लेकर चले गए। परिजनों ने समझा तीनों ने कुछ नशा कर लिया है।
परिजनों ने प्रेमपाल राजपूत को चारपाई पर लिटा दिया।
रात 10 बजे पत्नी जावित्री ने पति को खाना खाने के लिए जगाया तो पता चला कि उसकी मौत हो गई है। चीखपुकार पर परिजन व गांव के लोग एकत्र हो गए।
ग्रामीण रवेंद्र सिंह ने पुलिस को प्रेमपाल राजपूत की बिजली गिरने से मौत व प्रेमपाल और सच्चू के झुलसने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमपाल व सच्चू को सीएचसी में भर्ती कराया।
प्रेमपाल राजपूत के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रेमपाल राजपूत के दो पुत्र आशिक व आशीष, पुत्री राधिका व डेढ़ माह की दूसरी पुत्री है।