मोहम्मदाबाद। गढि़या तेरा में पुरानी रंजिश में तीस राउंड फायरिंग व पथराव के मामले में पुलिस ने जानलेवा हमले के दो मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
कोतवाली की चौकी नीबकरोरी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने गांव गढि़या तेरा निवासी अवधेश, जगवीर, अजय उर्फ दीपू, इंद्रेश, अशोक, शिव कुमार, सर्वेश, अनिल, सचिन, राजीव, हवलदार, गुलशन व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि तीन अक्तूबर की शाम को पुरानी रंजिश में गांव में फायरिंग व पथराव की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो अवधेश सहित सभी लोग दूसरे पक्ष के मान सिंह व उनके परिजनाें पर फायर कर रहे थे। गांव में तनाव का माहौल था। रास्ते में लोगों के चप्पल जूते पड़े हुए थे। दूसरा मुकदमा मान सिंह ने अवधेश, जगवीर, अजय उर्फ दीपू, इंद्रेश, अशोक, शिवकुमार, सर्वेश, अनिल, सचिन, राजीव, हवलदार, गुलशन के खिलाफ दर्ज कराया।
इसमें बताया कि एक अक्तूबर को अवधेश सहित पांच लोगों ने भाई संजीव व अमित को मारपीट कर घायल कर दिया था। इसका मुकदमा दर्ज कराया था। इसी रंजिश में तीन अक्तूबर को सभी लोगों ने फायरिंग कर पथराव किया। इसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। कोतवाल अमर पाल सिंह ने बताया कि मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।