फर्रुखाबाद। बसपा नेता अनुपम के भाई के मकान का पुलिस ने मूल्यांकन कराया। पुलिस अभी तक 100 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे व उनके भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन सहित चार लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमे की विवेचना मऊदरवाजा एसओ आमोद कुमार सिंह कर रहे हैं। बसपा नेता का मोहम्मदाबाद का गेस्ट हाउस, बढ़पुर का गोदाम, होटल गुरुशरणम, फतेहगढ़ जाफरी में दो प्लाट, भाई अनुराग दुबे के नाम के दो प्लाट व चाचूपुर जटपुरा में खेती की जमीन सहित कई संपत्तियां पुलिस कुर्क कर चुकी है।
भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन अपहरण व अवैध शस्त्र के मुकदमे में फरार चल रहे हैं। आईजी जोन प्रशांत कुमार ने डब्बन पर 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। इसके बाद भी पुलिस का शिकंजा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मऊदरवाजा थाने के दरोगा तरुण भदौरिया, सिविल लाइन चौकी इंचार्ज रक्षा सिंह व राजस्व कर्मियों के साथ फतेहगढ़ के मोहल्ला दालमंडी में एक मकान में पहुंचे। यह मकान उनके भाई अभिषेक उर्फ जीतू के नाम पर राजस्व विभाग में दर्ज है। पुलिस के साथ राजस्व कर्मियों ने मकान की नापजाेख कर मूल्यांकन किया। मकान में आगे के हिस्से में एक महिला परिवार सहित रह रही है। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मऊ दरवाजा पुलिस माफिया के भाई के मकान का मूल्यांकन करने आई थी।