फर्रुखाबाद। व्यापारी से 4.25 लाख की लूट में पुलिस गिहार बस्ती पर नजर बनाए हुए है। लूट में शामिल बदमाशों ने मोबाइल से दूरी बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।
इसके चलते सर्विलांस से सूची में संदिग्ध मोबाइल नंबर पकड़ में नहीं आ रहे हैं।
शहर कोतवाली के मोहल्ला बालीजी पुरम निवासी ऑटो पार्ट्स व्यावारी गगन कटियार से शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने 4.25 लाख रुपये लूट लिए थे।
पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसपी ने खुलासे के लिए एसओजी व सर्विलांस टीम सहित शहर कोतवाली पुलिस को लगाया था।
सर्विलांस टीम ने घटना स्थल पर रेंज में आए मोबाइल नंबरों की सूची बनाकर संदिग्ध नंबर तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सूची में संदिग्ध मोबाइल नंबर पकड़ में नहीं आए हैं।
पुलिस ने घटना स्थल के पास के रहने वाले दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।
पुलिस गिहार बस्ती लकूला व नेकपुर कलां में नजर बनाए हुए है। पुलिस गिहार बस्ती में गैर जनपद से आने वाले रिश्तेदारों के बारे में पता लगा रही है।